॥ राधाया हृदये कृष्णः कृष्णस्य हृदि राधिका ॥
Bhagavad Geeta Chapter 17
श्रीमद्भगवत गीता सप्तदश अध्याय
अध्याय सत्रह: श्रद्धा त्रय विभाग योग
श्रद्धा के तीन विभागों के ज्ञान का योग
चौदहवें अध्याय में श्रीकष्ण ने माया के तीन गुणों की व्याख्या की थी और यह भी समझाया था कि किस प्रकार से ये मनुष्यों पर प्रभाव डालते हैं। इस सत्रहवें अध्याय में श्रीकृष्ण विस्तारपूर्वक गुणों के प्रभाव के विषय में बताते हैं। सर्वप्रथम वह श्रद्धा के विषय पर चर्चा करते हैं और यह बताते हैं कि कोई ऐसा व्यक्ति नहीं है जो श्रद्धा विहीन हो क्योंकि यह मानवीय प्रकृति का निहित स्वरूप है। लेकिन मन की प्रकृति के अनुसार व्यक्तियों की श्रद्धा सात्विक, राजसिक अथवा तामसिक होती है। उनकी श्रद्धा की प्रकृति ही उनकी जीवन शैली का निर्धारण करती है। लोग अपनी रुचि के अनुसार ही अपने भोजन का चयन करते हैं।
श्रीकृष्ण भोजन को तीन श्रेणियों में विभाजित करते हैं तथा प्रत्येक भोजन के हमारे स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव की चर्चा करते हैं। तत्पश्चात् वह यज्ञ के विषय में यह बताते हैं कि प्रकृति के तीन गुणों में यज्ञ किस प्रकार विभिन्न रूप से सम्पन्न होता है। इस अध्याय में आगे तपस्या के विषय में बताया गया है तथा शरीर, वाणी एवं मन के तप की व्याख्या की गई है। प्रत्येक तपस्या का स्वरूप सत्त्वगुण, रजोगुण, तमोगुण के प्रभाव के कारण भिन्न होता है। तत्पश्चात् दान पर चर्चा की गई है तथा इसके तीन विभागों का वर्णन किया गया है।
अंततः श्रीकृष्ण “ओम-तत्-सत्" शब्दों की प्रासंगिकता तथा अर्थ के विषय पर प्रकाश डालते हैं जो परम सत्य के विभिन्न रूपों के प्रतीक हैं। 'ओउम्' पद ईश्वर के निराकार रूप की अभिव्यक्ति है। 'तत्' का उच्चारण, परमपिता परमात्मा को अर्पित की जाने वाली क्रियाओं तथा वैदिक रीतियों के लिए किया जाता है, 'सत्' शब्दांश का तात्पर्य सनातन भगवान तथा धर्माचरण है। एक साथ प्रयोग करने पर ये अलौकिक सत्ता का बोध कराते हैं। इस अध्याय का अंत इस सिद्धांत से होता है कि यदि यज्ञ, तप और दान विधि-निषेधों की उपेक्षा करते हुए किए जाते हैं, तब ये सभी कृत्य निरर्थक सिद्ध होते हैं।
अर्जुन उवाच |
ये शास्त्रविधिमुत्सृज्य यजन्ते श्रद्धयान्विता: |
तेषां निष्ठा तु का कृष्ण सत्त्वमाहो रजस्तम: || 1||
अर्जुन ने कहा-हे कृष्ण! उन लोगों की स्थिति क्या होती है जो शास्त्रों की आज्ञाओं की उपेक्षा करते हैं, किन्तु फिर भी श्रद्धा के साथ पूजा करते हैं? उनकी श्रद्धा, क्या सत्त्वगुणी, रजोगुणी अथवा तमोगुणी होती है?
पिछले अध्याय में श्रीकृष्ण ने दैवीय और आसुरी प्रकृति में अंतर को में बताया था। अध्याय के अंत में वे यह बताते हैं कि जो व्यक्ति शास्त्रों के विधि-निषेधों की उपेक्षा करता है तथा शारीरिक और मानसिक आवेगों का अनुसरण करता है, वह व्यक्ति कभी भी जन्म और मृत्यु के चक्र से मुक्ति प्राप्त नहीं कर सकता। इस प्रकार वे लोगों को शास्त्रों में दिए गए दिशा-निर्देशों का अनुसरण करने तथा तदनुसार कर्म करने की प्रशंसा करते हैं। इस से यह प्रश्न उत्पन्न होता है कि वैदिक शास्त्रों का अनुसरण किए बिना भगवान की पूजा करने वाले लोगों की आस्था किस प्रकार की होती है? विशेष रूप से अर्जुन माया के तीन गुणों का अभिप्राय समझना चाहता है।
श्रीभगवानुवाच |
त्रिविधा भवति श्रद्धा देहिनां सा स्वभावजा |
सात्त्विकी राजसी चैव तामसी चेति तां शृणु || 2||
भगवान ने कहा-"प्रत्येक प्राणी स्वाभाविक रूप से श्रद्धावान है। यह श्रद्धा सात्त्विक राजसिक अथवा तामसिक हो सकती है। अब इस संबंध में मुझसे सुनो।"
कोई भी व्यक्ति श्रद्धा विहीन नहीं हो सकता क्योंकि यह मानव का स्वरूप है। जिन व्यक्तियों की धर्मग्रन्थों में आस्था नहीं है वे भी श्रद्धाहीन नहीं हैं क्योंकि उनकी आस्था अन्यत्र ओर होती है। यह श्रद्धा चाहे उनकी बुद्धि की तार्किक क्षमता के प्रति हो अथवा उनकी इन्द्रियों के बोध पर आश्रित हो सकती है। उदाहरण के लिए लोग यह कहते हैं कि "मैं भगवान पर इसलिए विश्वास नहीं करता क्योंकि मैं उन्हें देख नहीं सकता।" इसका अर्थ है कि उन्हें भगवान में विश्वास नहीं है किन्तु उन्हें अपनी आंखों पर विश्वास है। अतः वे मानते हैं कि जब वे किसी वस्तु को देख नहीं पाते तब उन्हें उसके अस्तित्व का बोध नहीं होता। यह भी एक प्रकार की श्रद्धा है। कोई दूसरा कहता है-"मैं प्राचीन ग्रंथों की प्रामाणिकता में विश्वास नहीं रखता। इसके स्थान पर मैं आधुनिक विज्ञान के सिद्धांतों को स्वीकार करता हूँ।" यह भी एक प्रकार का विश्वास है क्योंकि पिछली कुछ शताब्दियों में विज्ञान के सिद्धांतों में परिवर्तन आया है। यह संभव है कि हम वर्तमान में जिन वैज्ञानिक सिद्धांतों को मान रहे हैं, हो सकता है कि भविष्य में वे गलत सिद्ध हों। इन्हें सत्य मानना भी श्रद्धा ही है।
भौतिक शास्त्र में नोबेल पुरस्कार विजेता प्रोफेसर चार्ल्स एस. टाउन्स ने इसे बहुत ही सुन्दर ढंग से व्यक्त किया है-"विज्ञान में भी श्रद्धा की आवश्यकता है, हम नहीं जानते कि हमारे तर्क ठीक हैं, मैं नहीं जानता कि क्या आप वहाँ पर हो, आप भी नहीं जानते कि मैं यहाँ पर हूँ। हम केवल इन सबकी कल्पना कर सकते हैं। मुझे विश्वास है कि विश्व वैसा ही है जैसा कि वह दिखाई देता है, और मैं इसतरह विश्वास करता हूँ कि आप वहाँ पर हैं। मैं इसे किसी प्रकार से सिद्ध नहीं कर सकता। फिर भी मुझे कार्य निष्पादन के लिए एक निश्चित तंत्र को स्वीकार करना पड़ेगा। यह विचार कि 'धर्म ही आस्था है' तथा 'विज्ञान ही ज्ञान है' के संबंध में मेरा यह मानना है कि यह बिल्कुल अनुचित है क्योंकि हम वैज्ञानिक भी बाह्य जगत के अस्तित्वों में तथा अपने तर्कों की मान्यता में विश्वास करते हैं। इस में हम अपने को सहज अनुभव करते हैं तथापि ये सभी श्रद्धा ही है। भले ही कोई भौतिक वैज्ञानिक, सामाजिक विचारक, आध्यात्मिक विचारक अथवा तत्त्वज्ञानी हो, वह ज्ञान में श्रद्धा की आवश्यकता को अस्वीकार नहीं कर सकता।
अब श्रीकृष्ण इस बात की व्याख्या करते है कि भिन्न-भिन्न प्रकार के लोग क्यों विभिन्न क्षेत्रों में अपनी आस्था रखते हैं।
सत्त्वानुरूपा सर्वस्य श्रद्धा भवति भारत |
श्रद्धामयोऽयं पुरूषो यो यच्छ्रद्ध: स एव स: || 3||
सभी मनुष्यों की श्रद्धा उनके मन के अनुरूप होती है। यह श्रद्धा वैसी ही होती है जैसे वे वास्तव में है।
पिछले श्लोक में यह समझाया गया था कि हम सब की आस्था किसी एक स्थान में होती है जहाँ हम अपनी श्रद्धा को स्थिर करते हैं। और जिस आस्था का हम चयन करते हैं वही हमारे जीवन को दिशा प्रदान करती है। वे लोग जो यह मानते हैं कि विश्व में धन ही सबसे महत्त्वपूर्ण है, वे इसे जोड़ने में अपना पूरा जीवन लगा देते हैं। वे लोग जो इस बात में विश्वास रखते हैं कि प्रतिष्ठा से बढ़कर कोई वस्तु नहीं है वे लोग राजनीतिक तथा सामाजिक पदों को प्राप्त करने में ही अपना समय और ऊर्जा लगा देते हैं। ऐसे भी लोग हैं जो श्रेष्ठ गुणों के आधीन में विश्वास रखते हैं और उनकी प्राप्ति के लिए प्रत्येक वस्तु का त्याग करने के लिए तत्पर रहते हैं।
महात्मा गांधी को सत्य और अहिंसा के बल में विश्वास था तथा दृढ़-संकल्प के बल पर ही उन्होंने अहिंसक आंदोलनों का सूत्रपात किया था। इसके परिणामस्वरूप विश्व के सबसे शक्तिशाली साम्राज्य से भारत को स्वतंत्र करवाने में सफलता प्राप्त हुई। जो लोग भगवत्प्राप्ति के लिए गहन श्रद्धा विकसित करते हैं, वे उसकी खोज में अपने भौतिक जीवन का त्याग कर देते हैं। इस प्रकार श्रीकृष्ण समझाते हैं कि हमारी श्रद्धा की प्रकृति ही हमारे जीवन की दिशा को निर्धारित करती है और हमारी श्रद्धा का गुण हमारे मन की प्रकृति द्वारा निर्धारित होता है।
इस प्रकार अर्जुन के प्रश्न के प्रत्युत्तर में श्रीकृष्ण श्रद्धा के विभिन्न प्रकारों की व्याख्या करते हैं।
यजन्ते सात्त्विका देवान्यक्षरक्षांसि राजसा: |
प्रेतान्भूतगणांश्चान्ये यजन्ते तामसा जना: || 4||
सत्त्वगुण वाले स्वर्ग के देवताओं की पूजा करते हैं, रजोगुण वाले यक्षों तथा राक्षसों की पूजा करते हैं, तमोगुण वाले भूतों और प्रेतात्माओं की पूजा करते हैं।
ऐसा कहा गया है कि सज्जन व्यक्ति अच्छाई की ओर तथा दुर्जन व्यक्ति बुराई की ओर आकर्षित होते हैं। तमोगुण वाले भूतों और प्रेतात्माओं की निकृष्ट और दुष्ट प्रकृति को जानने के पश्चात् भी उनकी ओर आकर्षित होते हैं। रजोगुण वाले यक्षों (शक्ति तथा धन सम्पदा प्रदान करने वाले देवताओं के समान) और राक्षसों (इन्द्रिय सुख, प्रतिशोध तथा प्रचंड क्रोध से युक्त शक्तिशाली) की ओर आकर्षित होते हैं। निकृष्ट स्तर की पूजा के औचित्य पर विश्वास करते हुए वे इन निकृष्ट प्राणियों को प्रसन्न करने के लिए पशुओं की बलि भी देते हैं। सत्त्वगुण वाले स्वर्ग के देवताओं की पूजा करते हैं। उनमें वे सद्गुणों की अनुभूति करते हैं। किंतु आराधना पूर्ण तभी होती है जब वह भगवान को अर्पित की जाती है।
अशास्त्रविहितं घोरं तप्यन्ते ये तपो जना: |
दम्भाहङ्कारसंयुक्ता: कामरागबलान्विता: || 5||
कर्षयन्त: शरीरस्थं भूतग्राममचेतस: |
मां चैवान्त:शरीरस्थं तान्विद्ध्यासुरनिश्चयान् || 6||
कुछ लोग अहंकार और दंभ से अभिप्रेरित होकर शास्त्रों की आज्ञाओं के विरुद्ध कठोर तपस्या करते हैं। कामना और आसक्ति से प्रेरित होकर वे न केवल अपने शरीर को कष्ट देते हैं बल्कि मुझे, जो उनके शरीर में परमात्मा के रूप में स्थित रहता हूँ, को भी कष्ट पहुँचाते हैं। ऐसे मूर्ख लोगों को पैशाचिक प्रवृति वाला कहा जाता है।
कुछ लोग आध्यात्मिकता के नाम पर अनर्थक तपस्या करते हैं। कठोर अनुष्ठानों के नाम पर कुछ लोग कांटों की सेज पर लेटते हैं या कुछ लोग अपने शरीर के आर-पार शूल चुभो लेते हैं। अन्य लोग कई वर्षों तक अपना एक हाथ हवा में उठाकर रखते हैं। उनको यह विश्वास होता है कि ऐसा करने से उन्हें आध्यात्मिक शक्तियाँ प्राप्त हो जाएंगी। कुछ सूर्य की ओर निरंतर देखते रहते हैं बिना यह सोचे समझे कि इससे उनके नेत्रों को क्षति पहुँच सकती है। अन्य लोग भौतिक सुखों की कामना में उपवास रखते हैं और अपनी काया को निस्तेज कर लेते हैं। श्रीकृष्ण कहते हैं-“हे अर्जुन! तुमने मुझसे उन लोगों की स्थिति के विषय में पूछा था जो कि शास्त्रों के विधि-निषेधों की उपेक्षा करते हुए भी श्रद्धा के साथ आराधना करते हैं। किन्तु ऐसी श्रद्धा ज्ञान से वंचित होती है। ऐसे लोगों को अपनी पद्धतियों में दृढ़ विश्वास होता है लेकिन उनकी यह आस्था तमोगुण अर्थात् अज्ञानता के कारण होती है। जो लोग अशिष्ट आचरण करते हैं और स्वयं के शरीर को यातनाएँ देते हैं वे अपने भीतर निवास करने वाले परमात्मा का निरादर करते हैं। ये कृत्य शास्त्रों के विरुद्ध हैं।"
श्रद्धा की तीन श्रेणियों की व्याख्या करने के पश्चात् श्रीकृष्ण इन श्रेणियों के अनुरूप भोजन, क्रिया-कलाप, समर्पण, दान आदि के संबंध में बताते हैं।
आहारस्त्वपि सर्वस्य त्रिविधो भवति प्रिय: |
यज्ञस्तपस्तथा दानं तेषां भेदमिमं शृणु || 7||
लोग अपनी रुचि के अनुसार भोजन करना पसंद करते हैं। इसी प्रकार से उनकी रुचि यज्ञ, तपस्या तथा दान के संबंध में भी सत्य है। अब मुझसे इनके भेदों के संबंध में सुनो।
मन और शरीर एक दूसरे पर अपना प्रभाव डालते हैं। लोग जैसा करते हैं उसका वैसा ही प्रभाव उनके स्वभाव और मन पर पड़ता है। छांदोग्य उपनिषद में बताया गया है कि जो भोजन हम करते हैं, उसमें से सबसे ठोस भाग मल के रूप में निकलता है, सूक्ष्म भाग मांस बन जाता है तथा सूक्ष्मतम भाग मन बन जाता है (6.5.1)। इसमें पुनः वर्णन किया गया है-" आहारशुद्धौ सत्त्वशुद्धि" (7.26.2) अर्थात् शुद्ध भोजन करने से मन शुद्ध होता है। यह भी सत्य है कि शुद्ध मन वाले लोग ही शुद्ध भोजन पसंद करते हैं।
आयु:सत्त्वबलारोग्यसुखप्रीतिविवर्धना: |
रस्या: स्निग्धा: स्थिरा हृद्या आहारा: सात्त्विकप्रिया: || 8||
सत्त्वगुणी लोग ऐसा भोजन पसंद करते हैं, जिससे आयु, सद्गुणों, शक्ति, स्वास्थ्य, प्रसन्नता तथा संतोष में वृद्धि होती है। ऐसे खाद्य पदार्थ रसीले, सरस, पौष्टिक तथा प्राकृतिक रूप से स्वादिष्ट होते हैं।
चौदहवें अध्याय के छठे श्लोक में श्रीकृष्ण ने व्याख्या की है कि सत्त्व गुण शुद्ध, प्रकाशवान तथा शांत है और यह प्रसन्नता तथा संतोष की भावना उत्पन्न करता है। सत्व गुण में खाद्य पदार्थों का भी वैसा ही प्रभाव होता है। उपरोक्त श्लोक में इन खाद्य पदार्थों का वर्णन 'आयुः सत्त्व' के साथ किया गया है जिसका तात्पर्य आयु बढ़ने से है। इन पदार्थों से स्वास्थ्य, सद्गुण, प्रसन्नता तथा संतोष प्राप्त होता है। ऐसे खाद्य पदार्थों में अनाज, दालें, सेम, फल, सब्जियाँ, दुग्ध तथा अन्य शाकाहारी पदार्थ सम्मिलित हैं। अतः शाकाहारी आहार, सत्वगुणों को विकसित करने के लिए लाभकारी है। सात्त्विक गुण से युक्त अनेक चिंतकों तथा दार्शनिकों ने इतिहास में इस विचार को बार-बार दोहराया है-
"शाकाहार का प्रचलन बढ़ रहा है, मस्तिष्क की स्पष्टता तथा भय ने मनुष्य को शाकाहारी बनने की प्रेरणा दी है। मांस का भक्षण करना हत्या है-बेंजामिन फ्रैंकलिन"
"क्या यह धिक्कार की बात नहीं है कि मनुष्य मांसाहारी जीव है? यह सत्य है कि जानवरों का शिकार करके मनुष्य अच्छी तरह से जीवनयापन कर सकता है किन्तु यह अधम है। मैं मानता हूँ कि मानव जाति उन्नति के क्रम में जानवरों को खाना छोड़ देते हैं। उसी प्रकार जैसे कि सभ्य लोगों के सम्पर्क में आने से जनजातियों ने एक-दूसरे को मारकर खाना छोड़ दिया है-हेनरी डेविड थोरो (वाल्डेन)" ।
"शाकाहार ने हमें मानसिक रूप से अशक्त तथा कार्य करने में अक्षम बना दिया है। मैं किसी भी अवस्था में मांसाहार को उचित नहीं समझता हूँ-महात्मा गांधी"
पाइथागोरस ने भी कहा है कि "मेरे मित्रों, अपने शरीर को मांसादि खाद्य पदार्थों से दूषित मत करो। हमारे पास धान्य तथा सेब आदि उपलब्ध हैं। ऐसी सब्जियाँ हैं जिन्हें अग्नि पर रखकर पकाया तथा नरम किया जा सकता है। इस पृथ्वी के पास अखाद्य पदार्थों का समृद्ध भंडार है और यह तुम्हें ऐसे भोज्य पदार्थ उपलब्ध करवाती है जिसमें कोई रक्त अथवा हत्या वाली वस्तु सम्मिलित नहीं है। केवल कुछ जंगली जानवर ही मांस से अपनी क्षुधा शांत करते हैं, क्योंकि घोड़े (अश्व), मवेशी तथा भेड़े भी घास पर ही आश्रित हैं।"
जॉर्ज बर्नाड शॉ ने कहा है कि "मैं अपने उदर को मृत पशुओं का कब्रिस्तान नहीं बनाना चाहता हूँ।"
पशुओं की हिंसा के संबंध में गोवध जघन्य अपराध है। गाय मानव जाति के लाभ हेतु दूध प्रदान करती है इसलिए यह माता के तुल्य है। दूध देने में अक्षम गायों को मारना एक असंवेदनशील, असभ्य और अकृतज्ञतापूर्ण कृत्य है
कट्वम्ललवणात्युष्णतीक्ष्णरूक्षविदाहिन: |
आहारा राजसस्येष्टा दु:खशोकामयप्रदा: || 9||
अत्यधिक कड़वे, खट्टे, नमकीन, गर्म, तीखे, शुष्क तथा मिर्च युक्त दाहकारक व्यंजन रजो गुणी व्यक्तियों को प्रिय लगते हैं ऐसे भोज्य पदार्थों के सेवन से पीड़ा, दुःखः तथा रोग उत्पन्न होते हैं।
जब शाकाहारी भोजनों को अत्यधिक मिर्च, शर्करा, नमक इत्यादि के साथ पकाया जाता है तब ये राजसिक बन जाते हैं। इनका वर्णन करते हुए 'अति' शब्द के प्रयोग को सभी विशेषणों के साथ जोड़ा जा सकता है। इस प्रकार राजसिक भोजन बहुत कड़वे, बहुत खट्टे, बहुत नमकीन, बहुत गर्म, बहुत तीक्ष्ण, बहुत शुष्क, अधिक मिर्च युक्त इत्यादि हैं। ये सभी भोजन अस्वास्थ्य, उत्तेजना और विषाद उत्पन्न करते हैं। राजसिक लोगों को ये भोजन अच्छे लगते हैं किन्तु सत्त्वगुणी व्यक्तियों को ये अरुचिकर लगते हैं। खाने का उद्देश्य स्वाद लेने का न होकर शरीर को स्वस्थ तथा सशक्त बनाना होना चाहिए। एक पुरानी कहावत है-"जीने के लिए खाना चाहिए न कि खाने के लिए जीना चाहिए।" इस प्रकार बुद्धिमत्ता इसमें है कि हम केवल ऐसा भोजन करें जो उत्तम स्वास्थ्य के अनुकूल हो और जिसके प्रभाव से हमारा मन शांत हो।
यातयामं गतरसं पूति पर्युषितं च यत् |
उच्छिष्टमपि चामेध्यं भोजनं तामसप्रियम् || 10||
अधिक पके हुए, बासी, सड़े हुए, प्रदूषित तथा अशुद्ध भोजन तमोगुणी व्यक्तियों के प्रिय भोजन हैं।
ऐसे भोज्य पदार्थ जिन्हें पकाये हुए एक याम (तीन घंटे) से अधिक की अवधि हो गयी हो, उन्हें तामसिक भोजन की श्रेणी में रखा जाता है। ऐसे भोज्य पदार्थ जो अशुद्ध, अस्वादिष्ट अथवा दुर्गंध वाले हैं, वे भी इसी श्रेणी में आते हैं। अशुद्ध भोज्य पदार्थों में भी सभी प्रकार के मांस उत्पाद भी सम्मिलित हैं। प्रकृति ने मानव शरीर की रचना शाकाहारी प्राणी के रूप में ही की है। मनुष्यों के दांत मांसभक्षी जानवरों जैसे बड़े नहीं होते और उनका जबड़ा चौड़ा नहीं होता जिससे कि वह मांस को फाड़ सकें। मांसभक्षी जानवरों की आंतें छोटी होती हैं जिसके कारण मांस को आगे पहुँचने में बहुत कम समय लगता है जो बहुत तीव्रता से गलता तथा सड़ता है। इसके विपरीत मनुष्यों का पाचन तंत्र बड़ा होता है जो वनस्पतियों से प्राप्त भोजन को धीरे-धीरे तथा उत्तम ढंग से पचाता है। मांसभक्षी जानवरों का उदर अधिक अम्लीय होता है, जो कच्चे मांस को पचाने में सहायता करता है। मांसाहारी जानवरों का स्वेद (पसीना) उनके रोमछिद्रों से नहीं निकलता। इसके स्थान पर वे अपने शरीर का तापमान अपनी जिह्वा से नियंत्रित करते हैं जबकि शाकाहारी जानवर तथा मनुष्य अपने शारीरिक तापमान को अपनी त्वचा से स्वेद (पसीना) निकालकर नियंत्रित करते हैं। मांसाहारी जानवर पानी को घूँट में पीने के स्थान पर जिह्वा से पीते हैं। इसके विपरीत शाकाहारी जानवर पानी को घूँट भरकर पीते हैं। मनुष्य भी पानी घूँट से पीता है, जीभ से नहीं पीता है। इन सभी शारीरिक लक्षणों से ज्ञात होता है कि भगवान ने मनुष्यों की रचना मांसाहारी जानवरों के समान नहीं की है। परिणास्वरूप मांस को मनुष्यों के लिए अशुद्ध भोजन माना गया है। मनुस्मृति में कहा गया है कि मांस का सेवन करने से पाप कर्म उत्पन्न होते हैं-
मां स भक्षयितामुत्र यस्य मासं इहाद्म्य अहं।
एतन् मांसस्य मांसत्वं प्रवदन्ति मनीषिण:।।
(मनुस्मृति-5.55)
'मांस' शब्द का तात्पर्य है-मैं जिसका मांस खा रहा हूँ वह अगले जीवन (योनि) में मुझे खाएगा।
अफलाकाङ्क्षिभिर्यज्ञो विधिदृष्टो य इज्यते |
यष्टव्यमेवेति मन: समाधाय स सात्त्विक: || 11||
धर्मशास्त्रों की आज्ञा के अनुसार किसी फल की अपेक्षा किए बिना, मन की दृढ़ता के साथ अपना कर्त्तव्य समझते हुए किया गया यज्ञ सत्त्वगुणी प्रकृति का है
यज्ञ की प्रकृति भी तीन गुणों वाली है। श्रीकृष्ण सत्त्वगुणी अवस्था में यज्ञ करने को समझाते हुए अपनी व्याख्या आरंभ करते हैं। अफलाकाङ्क्षिभिः शब्द का अर्थ बिना किसी फल की अपेक्षा किए यज्ञ करना है। विधिदृष्टः शब्द का अर्थ यह है कि वैदिक धर्मग्रन्थों के विधि-निषेधों के अनुसार ही यज्ञ करना चाहिए। यष्टव्यमेवेति का अर्थ है कि इसे केवल भगवान की आराधना के लिए किया जाना चाहिए। जब यज्ञ इस विधि से सम्पन्न किया जाता है तब इसे सत्त्वगुण की श्रेणी में रखा जाता है।
अभिसन्धाय तु फलं दम्भार्थमपि चैव यत् |
इज्यते भरतश्रेष्ठ तं यज्ञं विद्धि राजसम् || 12||
हे श्रेष्ठ भरतवंशी! जो यज्ञ भौतिक लाभ अथवा दंभपूर्ण उद्देश्य के साथ किया जाता है उसे रजोगुणी श्रेणी का यज्ञ समझो।
यदि यज्ञ का अनुष्ठान बड़े धूमधाम के साथ किया जाता है तब यह एक व्यवसाय का रूप ले लेता है क्योंकि इसके पीछे स्वार्थ की एक ही भावना रहती है-"मुझे इसके प्रतिफल में क्या प्राप्त होगा?" शुद्ध भक्ति वहाँ होती है जहाँ प्रतिफल के रूप में कुछ भी पाने की इच्छा नहीं होती। श्रीकृष्ण कहते हैं कि यज्ञ को उत्सव के रूप में सम्पन्न किया जा सकता है किन्तु यदि यह प्रतिष्ठा, अभ्युदय इत्यादि को पाने की इच्छा से किया जाता है तब फिर यह राजसी प्रकृति का कहलाता है।
विधिहीनमसृष्टान्नं मन्त्रहीनमदक्षिणम् |
श्रद्धाविरहितं यज्ञं तामसं परिचक्षते || 13||
श्रद्धा विहीन होकर तथा धर्मग्रन्थों की आज्ञाओं के विपरीत किया गया यज्ञ जिसमें अन्न अर्पित न किया गया हो, मंत्रोच्चारण न किए गए हों तथा दान न दिया गया हो, ऐसे यज्ञ की प्रकृति तमोगुणी होती है।
जीवन के प्रत्येक क्षण में मनुष्यों के पास कर्म के अनेक विकल्प होते हैं। ऐसे कई कर्म हैं जो समाज तथा हमारे लिए हितकारी हैं तथा इसके साथ-साथ ऐसे कई कर्म भी हैं जो अन्य लोगों तथा हमारे लिए हानिकारक हैं किन्तु इसका निर्णय कौन करेगा कि क्या लाभकारी है और क्या हानिकारक? यदि कोई विवाद उत्पन्न होता है तो इसे सुलझाने का क्या आधार है? यदि प्रत्येक व्यक्ति स्वयं निर्णय लेने लगेगा तो बड़ा उपद्रव हो जाएगा। अतः धर्मशास्त्र हमारे मार्गदर्शक के रूप में कार्य करते हैं तथा जब कभी शंका होती है तब किसी क्रिया की उपयुक्तता को जानने के लिए हम इन धर्मशास्त्रों की सहायता लेते हैं। किन्तु तामसिक व्यक्तियों का इन धर्म शास्त्रों में कोई विश्वास नहीं होता। वे धार्मिक समारोह का तो आयोजन करते हैं लेकिन धर्मग्रन्थों के विधानों की उपेक्षा करते हैं।
भारत में प्रत्येक धार्मिक उत्सव में देवताओं की आराधना बड़ी धूमधाम के साथ की जाती है। समारोह की बाह्य भव्यता-भड़कीली सजावट, चमकदार पण्डाल तथा शोरगुल वाले संगीत के पीछे पास-पड़ोस से दान एकत्रित करने का उद्देश्य होता निहित है। इसके अतिरिक्त पुरोहितों को सम्मान के रूप में दक्षिणा देने संबंधी वैदिक विधि-निषेधों का पालन भी नहीं किया जाता। जिस यज्ञ में धर्मग्रंथों की उपेक्षा की जाती है और आलस्य, उदासीनता अथवा विद्रोह के कारण धर्मशास्त्रों के नियमों का पालन नहीं किया जाता और स्वतः निर्णय की प्रक्रिया अपनाई जाती है, वह यज्ञ तमोगुण की श्रेणी में आता है। वास्तव में इस प्रकार की आस्था, भगवान तथा धर्मशास्त्रों में अविश्वास का एक दूसरा रूप है।।
देवद्विजगुरुप्राज्ञपूजनं शौचमार्जवम् |
ब्रह्मचर्यमहिंसा च शारीरं तप उच्यते || 14||
परमपिता परमात्मा, ब्राह्मणों, आध्यात्मिक गुरु, बुद्धिमान तथा श्रेष्ठ सन्तजनों की पूजा यदि पवित्रता, सादगी, ब्रह्मचर्य तथा अहिंसा के साथ की जाती है तब इसे शरीर की तपस्या कहा जाता है।
'तप' शब्द का तात्पर्य है अग्नि पर तपाना या पिघलाना। शुद्धिकरण की प्रक्रिया में धातुओं को गर्म किया जाता है तथा पिघलाया जाता है ताकि अशुद्धता ऊपर आ जाए और उसे हटाया जा सके। जब स्वर्ण को अग्नि में रखा जाता है तब इसकी अशुद्धता नष्ट हो जाती है एवं इसकी चमक और बढ़ जाती है। इसी प्रकार वेदों में कहा गया है-“अतप्ततर्नुनतदा भिश्नुते" (ऋग्वेद 9.8.3.1) अर्थात तप से शरीर को शुद्ध किए बिना कोई भी व्यक्ति योग की अंतिम अवस्था तक नहीं पहुँच सकता। निष्ठापूर्वक तप करने से मनुष्य इस लोक से परलोक तक अपने जीवन का उत्थान कर सकते हैं। ऐसा तप बिना किसी दिखावा के शुद्ध भावना के साथ आध्यात्मिक गुरु तथा धर्मशास्त्रों के मार्गदर्शन के अनुसार किया जाना चाहिए।
श्रीकृष्ण अब ऐसे तप का वर्गीकरण शरीर, वाणी और मन के तप के रूप में करते हैं। इस श्लोक में वह शरीर के तप के संबंध में बताते हैं। जब यह शरीर सात्त्विक जनों एवं पुण्यात्माओं की सेवा के लिए समर्पित होता है तब सामान्यतः सभी प्रकार के इन्द्रिय भोग तथा विशेष रूप से कामदोष का परिहार हो जाता है तब यह शरीर के तप के रूप में प्रकाशित होता है। ऐसा तप शुचिता, सादगी से युक्त होना चाहिए और यह भी ध्यान रखना चाहिए कि इससे किसी अन्य को कोई दुःख न पहुँचे। यहाँ पर ब्राह्मण उसे नहीं कहा गया है जो जन्म से ब्राह्मण हैं बल्कि वे ऐसे मनुष्य हैं जो सात्त्विक गुणों से सम्पन्न हैं। इसका वर्णन श्लोक 18.42 में भी किया गया है।
अनुद्वेगकरं वाक्यं सत्यं प्रियहितं च यत् |
स्वाध्यायाभ्यसनं चैव वाङ्मयं तप उच्यते || 15||
ऐसे शब्द जो दुःख का कारण नहीं बनते, सच्चे, अहानिकर तथा हितकारी होते हैं। तथा वैदिक ग्रन्थों के स्वाध्याय को वाणी का तप कहा गया है।
वाणी के तप का तात्पर्य उच्चारित किए जाने वाले वे शब्द हैं जो श्रोता के लिए सच्चे, अहानिकर, आनन्ददायक तथा हितकारी होते हैं। वैदिक मंत्रों का अनुवाचन करना भी वाणी के तप में सम्मिलित है। प्रजापति मनु ने लिखा है-
सत्यम् ब्रूयात् प्रियं ब्रूयान्न ब्रूयात् सत्यम् अप्रियम्।
प्रियं च नानृतं ब्रूयात् एष धर्मः सनातनः।।
(मनुस्मृति-4.138)
"सत्य को इस प्रकार से कहना चाहिए जिससे दूसरों को प्रसन्नता हो। सत्य को इस प्रकार नहीं बोलना चाहिए जिससे किसी अन्य का अहित हो। कभी भी असत्य नहीं बोलना चाहिए भले ही यह प्रिय ही क्यों न हो। यह नैतिकता और सनातन धर्म है।"
मन: प्रसाद: सौम्यत्वं मौनमात्मविनिग्रह: |
भावसंशुद्धिरित्येतत्तपो मानसमुच्यते || 16||
विचारों की शुद्धता, विनम्रता, मौन, आत्म-नियन्त्रण तथा उद्देश्य की निर्मलता इन सबको मन के तप के रूप में चित्रित किया गया है।
शरीर तथा वाणी की तुलना में मन का तप अधिक श्रेष्ठ है। यदि हम अपने मन को नियंत्रित करना सीख लेते हैं तब शरीर तथा वाणी स्वतः ही नियंत्रित हो जाएंगे। किन्तु यदि हम इसके विपरीत व्यवहार करते हैं तब आवश्यक नहीं कि मन नियंत्रित हो। वस्तुतः किसी व्यक्ति की अंतः चेतना को उसकी मन की अवस्था ही निर्धारित करती है। श्रीकृष्ण ने श्लोक 6.5 में बताया था-"मन की शक्ति द्वारा स्वयं को उन्नत करो और स्वयं को नीचा न समझो क्योंकि तुम्हारा मन तुम्हारा मित्र भी हो सकता है और शत्रु भी।"
मन एक बगीचे के सदृश है जिसे या तो भली प्रकार विकसित किया जा सकता है अथवा जिसे जंगल की तरह रहने दिया जा सकता है। किसान अपने खेत को जोतते हैं और इसमें फल, फूल तथा सब्जियों उगाते हैं। इसके साथ-साथ वे यह भी सुनिश्चित करते हैं कि यह खरपतवार से भी मुक्त रहें। इसी प्रकार से हमें अपने मन से नकारात्मक विचारों को निकालते हुए उसे उत्तम विचारों द्वारा उन्नत बनाना चाहिए। यदि हम क्रोधयुक्त, द्वेषयुक्त, घृणास्पद, दोषपूर्ण, निर्मम, जटिल तथा आलोचनात्मक विचारों को अपने मन में स्थान देंगें तब इनका हमारे व्यक्तित्व पर दुष्प्रभाव पड़ेगा। हम तब तक कोई भी रचनात्मक कार्य नहीं कर सकते जब तक हम अपने मन को नियंत्रित करना तथा इसे क्रोध, घृणा, वैमनस्य इत्यादि से उत्तेजित होने से दूर रखना नहीं सीख लेते। ये वही खरपतवार है जो हमारे हृदयों में दिव्य कृपा के प्रस्फुटन के मार्ग को अवरुद्ध करते हैं।
लोग मानते हैं कि उनके विचार अदृश्य हैं और मन के भीतर होने के कारण उनका कोई बाह्य महत्व नहीं है तथा वे अन्य लोगों की दृष्टि से परे हैं। वे इस बात को नहीं समझते कि विचार न केवल उनके आंतरिक चरित्र का बल्कि उनके बाह्य चरित्र का भी निर्माण करते हैं। अतः हम किसी को देखकर कहते हैं-"वह बहुत सादा तथा विश्वसनीय व्यक्ति लगता है" और किसी अन्य व्यक्ति के लिए कहते हैं-"वह बहुत ही धूर्त तथा धोखेबाज लगता है उससे तो दूर ही रहो।" यह विचार ही थे जिन्हें लोगों ने अपने हृदय में प्रश्रय दिया और वे ही मूर्त रूप में उनके व्यक्तित्त्व के रूप में प्रकट हुए। रॉल्फ वॉल्डो इमर्सन ने कहा था कि "हमारे नेत्रों की झलक में, हमारी प्रसन्नताओं में, हमारे अभिवादनों में और हाथों के स्पर्श में हमारा व्यक्तित्व चित्रित है। हमारे पापकर्म हमें दूषित करते हैं, समस्त अच्छी धारणाओं का विनाश करते हैं। लोग नहीं जानते कि वे क्यों हमारा विश्वास नहीं करते। बुराई आंखों पर पर्दा डालती है, हमारे कोपलों की लालिमा को मंद करती है, हमारी नाक नीची करवाती है और राजा को कलंकित कर उसके मस्तक पर 'हे मूर्ख, मूर्ख' लिखती है।" विचारों का चरित्र के साथ संबध करने वाले अन्य कथन इस प्रकार हैं-
अपने विचारों पर ध्यान दें क्योंकि यही शब्द बन जाते हैं।
अपने शब्दों पर ध्यान दें क्योंकि यही आपकी प्रतिक्रिया बन जाते हैं।
अपनी क्रियाओं पर ध्यान दें क्योंकि यही आपकी आदतें बन जाती हैं।
अपनी आदतों पर ध्यान दें क्योंकि इन्हीं आदतों से आपका चरित्र निर्माण होता है।
अपने चरित्र पर ध्यान दें क्योंकि यही आपका भाग्य बनाता है।
यह समझना आवश्यक है कि प्रत्येक नकारात्मक विचार जिन्हें हम अपने मन में प्रश्रय देते हैं उनसे हम स्वयं को हानि पहुँचाते हैं। साथ ही प्रत्येक सकारात्मक विचार जिनपर हम अपना ध्यान केन्द्रित करते हैं, उनसे हमारा उत्थान होता है। हेनरी वान डाईक ने अपनी कविता 'थॉट्स आर् थिंग्स' में इसे विशद रूप से व्यक्त किया है
मैं इसे सत्य मानता हूँ कि सभी विचार वस्तुमात्र हैं।
वे शरीर, श्वासों और पंखों से युक्त हैं।
वे जिन्हें हम अपने गोपनीय विचार कहते हैं।
वह चौगुनी गति से पृथ्वी के दूरस्थ स्थान पर।
अपने गौरव और संतापो को पीछे छोड़ते हुए पटरियों छूटने के समान आगे बढ़ते हैं।
हम विचारों द्वारा अपना भविष्य निर्माण करते हैं।
परंतु ये शुभ या अशुभ हैं।
यह कोई नहीं जानता इसलिए अपनी नियति का चयन करो और प्रतीक्षा करो।
प्रेम से प्रेम बढ़ता है और घृणा से घृणा उत्पन्न होती है।
प्रत्येक विचार जिन पर हम अपना ध्यान केन्द्रित करते हैं उनके फल हमें प्राप्त होते हैं तथा प्रत्येक विचार से हमारे भाग्य का निर्माण होता है। इसी कारण नकारात्मक भावों से मन को हटाकर सकारात्मक भावों को मन के भीतर स्थान देने को मन का तप कहा गया है।
श्रद्धया परया तप्तं तपस्तत्त्रिविधं नरै: |
अफलाकाङ्क्षिभिर्युक्तै: सात्त्विकं परिचक्षते || 17||
जब धर्मनिष्ठ व्यक्ति उत्कृष्ट श्रद्धा के साथ किसी प्रकार की लालसा के बिना उपर्युक्त तीन प्रकार की तपस्याएँ करते हैं, तब इन्हें सत्त्वगुणी टैप कहा जाता है।
शरीर, वाणी और मन की तपस्याओं का चित्रण करने के पश्चात् श्रीकृष्ण अब उनके उन लक्षणों का उल्लेख करते हैं, जब ये सत्त्वगुण में सम्पन्न की जाती हैं। वे कहते हैं कि भौतिक लाभों को प्राप्त करने के उद्देश्य से सम्पन्न की गई तपस्या अपनी पवित्रता को खो देती है। इसलिए इसे निःस्वार्थ भाव और बिना फल की आसक्ति से सम्पन्न करना चाहिए। सफलता और असफलता दोनों ही स्थितियों में तपस्या के महत्व को स्वीकार करना चाहिए। आलस्य या असुविधा के कारण इसका अभ्यास स्थगित नहीं किया जाना चाहिए।
सत्कारमानपूजार्थं तपो दम्भेन चैव यत् |
क्रियते तदिह प्रोक्तं राजसं चलमध्रुवम् || 18||
जब किसी तपस्या को मान-सम्मान प्राप्त करने के लिए दंभपूर्वक सम्पन्न किया जाता है तब यह राजसी कहलाती है। इससे प्राप्त होने वाले लाभ अस्थायी तथा क्षणभंगुर होते हैं।
स्वयं के शुद्धिकरण के लिए यद्यपि तपस्या एक उत्तम साधन है किंतु सभी व्यक्ति इसका उपयोग शुद्ध भावना से नहीं करते। एक राजनीतिज्ञ अपने भाषणों के लिए कड़ा परिश्रम करता है। यह भी तप का एक प्रकार है किंतु इसके पीछे उसका उद्देश्य पद तथा प्रतिष्ठा पाना होता है। इसी प्रकार यदि कोई व्यक्ति सम्मान, यश और अति प्रशंसा प्राप्त करने के लिए स्वयं को आध्यात्मिक गतिविधियों में व्यस्त रखता है तो इसके पीछे भी कोई भौतिक उद्देश्य जुड़ा होता है किंतु इसका माध्यम भिन्न होता है। ऐसी तपस्या को राजसी श्रेणी में रखा गया है जो सम्मान, सत्ता अथवा अन्य भौतिक प्रतिफलों को प्राप्त करने के लिए सम्पन्न की जाती है।
मूढग्राहेणात्मनो यत्पीडया क्रियते तप: |
परस्योत्सादनार्थं वा तत्तामसमुदाहृतम् || 19||
वह तप जो भ्रमित विचारों वाले व्यक्तियों द्वारा किया जाता है तथा जिसमें स्वयं को यातना देना तथा दूसरों का अनिष्ट करना सम्मिलित हो, उसे तमोगुणी कहा जाता है।
'मूढग्राहेणात्मनो' शब्द ऐसे व्यक्तियों के लिए प्रयुक्त है जो भ्रमित मत अथवा विचारों वाले होते हैं। जो तप के नाम पर बिना सोचे समझें स्वयं को यातना देते हैं और दूसरों को भी आहत करते हैं। इनके हृदय में धर्मग्रन्थों में दिए गये उपदेशों के प्रति कोई आदर नहीं होता और न ही ये शरीर की क्षमताओं के विषय में जानते हैं। इस प्रकार के तपों से कोई भी सकारात्मक सिद्धि प्राप्त नहीं होती क्योंकि इन्हें शारीरिक चेतना के साथ सम्पन्न किया जाता है तथा इनका उद्देश्य केवल अपना प्रचार करना होता है।
दातव्यमिति यद्दानं दीयतेऽनुपकारिणे |
देशे काले च पात्रे च तद्दानं सात्त्विकं स्मृतम् || 20||
जो दान बिना प्रतिफल की कामना से यथोचित समय और स्थान में किसी सुपात्र को दिया जाता है वह सात्त्विक दान माना जाता है।
अब दान के तीन भेदों का वर्णन किया जा रहा है। सामर्थ्यानुसार दान देना मनुष्य का कर्तव्य माना गया है। भविष्य पुराण में कहा गया है “दानमेकम् कलौ युगे" अर्थात् कलि के युग में दान देना परमावश्यक है। रामचरितमानस में भी ऐसा कहा गया है-
प्रगट चारी पद धर्म के कलि महँ एक प्रधान।
येन केन बिधि दीन्हें दान करइ कल्यान।।
"धर्म के चार पाद हैं। कलियुग में इनमें से एक बहुत ही महत्त्वपूर्ण है, वह है यथासंभव दान करना।" दान करने से कई प्रकार के लाभ होते हैं। दान देने से हमारा भौतिक वस्तुओं से मोह कम होता है। सेवाभाव में वृद्धि होती है। इससे हृदय विशाल होता है तथा अन्य लोगों के प्रति करुणा की भावना जागृत होती है। अतः अधिकांश धार्मिक सम्प्रदायें अपनी आय का 10वां भाग दान में हैं। स्कंदपुराण में उल्लेख किया गया है-
न्यायोपार्जितवित्तस्य दशमांशेन धीमतः।
कर्तव्यो विनियोगश्च ईश्वरप्रीत्यर्थमेव च।।
"उचित साधनों द्वारा और श्रेष्ठ बुद्धि बल द्वारा अर्जित की गई संपत्ति में से 10वां भाग अपना कर्त्तव्य मानकर दान में दे देना चाहिए। अपने दान को भगवान की प्रसन्नता के लिए अर्पित करो।" इस श्लोक में श्रीकृष्ण द्वारा वर्णित हेतुओं के अनुसार दान को उचित अथवा अनुचित, श्रेष्ठ अथवा निम्न श्रेणी में वर्गीकृत किया गया है। जब उचित समय पर तथा उपयुक्त स्थान पर किसी सुपात्र को मुक्त हृदय से दान दिया जाता है, तब इसे सत्त्वगुणात्मक माना जाता है।
यत्तु प्रत्युपकारार्थं फलमुद्दिश्य वा पुन: |
दीयते च परिक्लिष्टं तद्दानं राजसं स्मृतम् || 21||
लेकिन अनिच्छापूर्वक अथवा फल प्राप्त करने की अपेक्षा से दिए गये दान को रजोगुणी कहा गया है।
श्रेष्ठतम भाव तो यह है कि बिना किसी के कहे दान करना चाहिए। दूसरा श्रेष्ठ भाव यह है कि दान की मांग करने पर प्रसन्नतापूर्वक दान दे दिया जाए। तीसरा भाव है कि मांगे जाने पर संकुचित भाव से दान देना या बाद में पश्चात्ताप करना कि 'मैंने इतना क्यों दे दिया?' या 'मैं अल्प राशि देकर भी छुटकारा पा सकता था।' श्रीकृष्ण इस प्रकार के दान को रजोगुण की श्रेणी में रखते हैं।
अदेशकाले यद्दानमपात्रेश्यश्च दीयते |
असत्कृतमवज्ञातं तत्तामसमुदाहृतम् || 22||
ऐसा दान जो अपवित्र स्थान तथा अनुचित समय पर कुपात्र व्यक्तियों को या बिना आदर भाव के अथवा अवमानना के साथ दिया जाता है, उसे तमोगुणी दान माना जाता है।
तमोगुण में उचित स्थान, व्यक्ति, भावना अथवा समय का विचार किए बिना दान किया जाता है। इससे किसी प्रकार के उद्देश्य की प्राप्ति नहीं होती। उदाहरणार्थ यदि धन को किसी मदिरापान करने वाले व्यक्ति को दिया जाता है, तब वह इसका प्रयोग मदिरा क्रय करने में करेगा तथा किसी की हत्या करेगा। हत्यारे को कर्मों के नियमों के अनुसार निश्चय दंड मिलेगा। किंतु जिस व्यक्ति ने यह दान दिया है वह भी इस अपराध का दोषी होगा और दंड का भागी बनेगा। यह तमोगुण के प्रभाव में किए गए दान का एक उदाहरण है जो किसी कुपात्र को दिया गया था।
ॐ तत्सदिति निर्देशो ब्रह्मणस्त्रिविध: स्मृत: |
ब्राह्मणास्तेन वेदाश्च यज्ञाश्च विहिता: पुरा || 23||
सृष्टि के आरंभ से 'ॐ-तत्-सत्' इन शब्दों को परम सत्य की प्रतीकात्मक अभिव्यक्ति माना गया है। इन्हीं से पुरोहित, (ब्राह्मण) वेद तथा यज्ञ की उत्पत्ति हुई है।
इस अध्याय में श्रीकृष्ण ने माया के तीन गुणों के अनुसार- यज्ञ, तप तथा दान की व्याख्या की हैं। इन तीन गुणों में तमोगुण आत्मा को अज्ञानता, शिथिलता तथा निष्क्रियता में डालता है। रजोगुण व्यक्ति को उत्साहित करता है तथा उसे असंख्य इच्छाओं से जोड़ता है। सत्त्वगुण निर्मल, प्रकाशवान तथा गुणों का विकास करता है। किंतु सत्त्वगुण माया के अधिकार क्षेत्र में है अतः हमें इसके साथ भी सम्बद्ध नहीं होना चाहिए बल्कि हमें सत्त्वगुण को सोपान के रूप में प्रयोग करके लोकातीत अवस्था को प्राप्त करना चाहिए। इस श्लोक में श्रीकृष्ण तीन गुणों से भी परे जाने का वर्णन करते हैं और 'ओम्-तत्-सत्' शब्दों के संबंध में बताते हैं। ये शब्द परम सत्य के विभिन्न पक्षों का निरूपण करते हैं। आगे के श्लोकों में वे उन तीन शब्दों के महत्त्व की व्याख्या करते हैं।
तस्माद् ॐ इत्युदाहृत्य यज्ञदानतप:क्रिया: |
प्रवर्तन्ते विधानोक्ता: सततं ब्रह्मवादिनाम् || 24||
इसलिए यज्ञ, दान और तपस्या आदि का शुभारम्भ वेदों के निर्देशानुसार 'ओम्' का उच्चारण करते हुए होता है।
ओम् पद भगवान के निराकार रूप की एक प्रतीकात्मक अभिव्यक्ति है। यह निराकार ब्रह्म के नाम के रूप में स्वीकृत है। यह वह मूल ध्वनि है जो सृष्टि में व्याप्त रहती है। इसका शुद्ध उच्चारण खुले मुख के साथ 'आ', ओष्ठों को सिकोड़कर 'ऊ' तथा ओष्ठों को पीछे लाकर 'म' ध्वनि निकालने से होता है। इसे मांगलिक कार्यों के संपादन में अनेक वैदिक मंत्रों के आरंभ में रखा गया है।
तदित्यनभिसन्धाय फलं यज्ञतप:क्रिया: |
दानक्रियाश्च विविधा: क्रियन्ते मोक्षकाङ्क्षिभि: ||
ऐसे व्यक्ति जो किसी फल की कामना नहीं करते किन्तु भौतिक कष्टों से मुक्त रहना चाहते हैं वे तप, यज्ञ तथा दान आदि करते समय 'तत्' शब्द का उच्चारण करते हैं।
हमारे द्वारा किए जाने वाले कर्मों का फल देना भगवान के हाथ में है। अतः यज्ञ, तप तथा दान परमपिता परमात्मा को प्रसन्न करने के लिए किए जाने चाहिए। श्रीकृष्ण 'तत्' शब्द की महिमा बताते हैं। तप, यज्ञ तथा दान के साथ 'तत्' उच्चारित करना यह दर्शाता है कि ये कृत्य भौतिक लाभों के लिए नहीं अपितु भगवत्प्राप्ति के लिए तथा आत्मा के नित्य कल्याण के लिए सम्पन्न किए जाने चाहिए।
सद्भावे साधुभावे च सदित्येतत्प्रयुज्यते |
प्रशस्ते कर्मणि तथा सच्छब्द: पार्थ युज्यते || 26||
यज्ञे तपसि दाने च स्थिति: सदिति चोच्यते |
कर्म चैव तदर्थीयं सदित्येवाभिधीयते || 27||
सत् शब्द का अर्थ नित्यत्व और साधुत्व है। हे अर्जुन! इसका प्रयोग शुभ कर्मों को सम्पन्न करने समय किया जाता है। तप, यज्ञ तथा दान जैसे कार्यों को सम्पन्न करने में प्रयुक्त होने के कारण इसे 'सत्' शब्द द्वारा वर्णित किया जाता है। अतः ऐसे किसी भी उद्देश्य के लिए किए जाने वाले कार्य के लिए 'सत्' नाम दिया गया है।
अब श्रीकृष्ण 'सत्' शब्द की महिमा का व्याख्यान कर रहे हैं। 'सत्' शब्द के कई अर्थ हैं तथा ऊपर के दो श्लोकों में इनमें से कुछ का उल्लेख किया गया है। सत् का प्रयोग शाश्वत साधुत्व और धर्म के अर्थ में किया जाता है। जो सदैव विद्यमान रहता है वह भी सत् है। श्रीमद्भागवतम् में कहा गया है-
सत्यव्रतं सत्यपरं त्रिसत्यं सत्यस्य योनिं निहितं च सत्ये।
सत्यस्य सत्यमृतसत्यनेत्रं सत्यात्मकं त्वां शरणं प्रपन्नाः।।
(श्रीमद्भागवतम्-10.2.26)
"हे भगवान! आप सत्य संकल्प हैं क्योंकि आप केवल परम सत्ता ही नहीं बल्कि ब्रह्माण्डीय अभिव्यक्ति के तीन चरणों-सृजन, स्थिति और लय में भी सत्य स्वरूप हैं। तुम सबके मूल हैं, और इसका अंत भी हैं। आप सभी सत्यों का सार हैं और आप वे नेत्र भी हैं जिससे सत्य को देखा जा सकता है। इसलिए हम आपके 'सत्' अर्थात् परम सत्य के शरण गत हैं, कृपया हमारी रक्षा करें।"
अश्रद्धया हुतं दत्तं तपस्तप्तं कृतं च यत् |
असदित्युच्यते पार्थ न च तत्प्रेत्य नो इह || 28||
हे पृथा पुत्र! जो भी यज्ञकर्म या तप बिना श्रद्धा के किए जाते हैं वे 'असत्' कहलाते है। ये इस लोक और परलोक दोनों में व्यर्थ जाते हैं।
सभी वैदिक अनुष्ठानों का पालन श्रद्धा के साथ किया जाना चाहिए। इस तथ्य को दृढ़ता से स्थापित करने के लिए श्रीकृष्ण अब बिना श्रद्धा के साथ किए जाने वाले वैदिक कर्मकाण्डों की निरर्थकता पर प्रकाश डालते हैं। वे कहते हैं कि वे जो धर्मग्रंथों पर विश्वास किए बिना कर्म करते हैं वे इस जन्म में अच्छे फल प्राप्त नहीं करते क्योंकि उनके कार्य सुचारु रूप से निष्पादित नहीं होते, क्योंकि वे वैदिक ग्रंथों के विधि-निषेधों का पालन नहीं करते। इसलिए उन्हें अगले जन्म में भी शुभ फल प्राप्त नहीं होते। अतः किसी की श्रद्धा उसके मन और बुद्धि की पूर्व वासनाओं पर आधारित नहीं होनी चाहिए। अपितु यह वैदिक ग्रंथों और गुरु के आप्तवचन पर आधारित होनी चाहिए। यही सत्रहवें अध्याय का सार है।
।। श्रीमद्भगवत गीता का सत्रहवां अध्याय सम्पूर्ण हुआ।।
Related Bhajans
Discover more devotional songs